काशीपुर निवासी बॉक्सिंग कोच प्रियंका चौधरी के साथ भारतीय टीम रोमानिया रवाना, 10 से 17 जुलाई तक होगा गोल्डन बेल्ट बॉक्सिंग टूर्नामेंट

नई दिल्ली। भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) ने 10 से 17 जुलाई तक रोमानिया में आयोजित होने वाले प्रतिष्ठित गोल्डन बेल्ट बॉक्सिंग टूर्नामेंट के लिए भारतीय मुक्केबाजी टीम की घोषणा कर दी है। इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत के 10 मुक्केबाज पदक जीतने के लक्ष्य के साथ रिंग में उतरेंगे।
पुरुष वर्ग में प्रियांशु डबास (55 किग्रा), रमन (60 किग्रा), रोहित (65 किग्रा), बॉबिन चौहान (90 किग्रा) और चेतन चौधरी (90+ किग्रा) को भारतीय टीम में जगह मिली है। वहीं महिला वर्ग में नीतू (51 किग्रा), आरती धरियाल (54 किग्रा), दिशा पाटिल (60 किग्रा), अंकुशिता बोरो (65 किग्रा) और इमरोज़ खान (75 किग्रा) भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।

टीम के साथ रवीन दीप, प्रियंका चौधरी, जसवीर सिंह और तोरक खरप्रान कोच के रूप में मौजूद रहेंगे। इसके अलावा डॉ. येशा पटेल डॉक्टर त्सेरिंग ड्रोमा और विराज विपुल शाह फिजियो तथा तिरथ राउत सपोर्ट स्टाफ के रूप में खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करेंगे।
भारतीय टीम से इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन की उम्मीद है। गोल्डन बेल्ट टूर्नामेंट युवा मुक्केबाजों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का महत्वपूर्ण मंच माना जाता है, जहां अच्छा प्रदर्शन आगामी बड़ी प्रतियोगिताओं के लिए खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *