छात्र-छात्राओं को पोक्सो, साइबर अपराध और कानूनी अधिकारों की दी जानकारी
काशीपुर। विश्व साक्षरता दिवस के उपलक्ष्य में मंगलवार को ग्राम पंचायत ढकिया कला स्थित आर.एस. ढिल्लों जनता इंटर कॉलेज, महादेव नगर में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, ऊधम सिंह नगर के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में करीब 210 प्रतिभागियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं सिविल जज (सीनियर डिवीजन) श्रीमती ममता पंत ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने विद्यार्थियों को पोक्सो अधिनियम, महिला एवं बाल अधिकार, साइबर अपराध से बचाव, नशे के दुष्परिणाम तथा नालसा की विधिक सेवा योजनाओं की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि जरूरतमंद व्यक्ति नालसा की टोल-फ्री हेल्पलाइन 15100 के माध्यम से निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त कर सकता है। विद्यार्थियों को ओटीपी, पासवर्ड एवं निजी जानकारी किसी से साझा न करने तथा सोशल मीडिया का सुरक्षित इस्तेमाल करने की सलाह दी गई।

इस दौरान मेगा ड्राइव चरण-1 की जानकारी देते हुए बताया गया कि ग्राम हरिनगर, ढकिया कला में 25 अगस्त से 60 दिवसीय अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत PLV टीम घर-घर जाकर ग्रामीणों की समस्याएं दर्ज कर संबंधित विभागों के माध्यम से समाधान कराने का प्रयास कर रही है।
शिविर में एसआई मनोज कुमार धोनी, प्रधानाचार्या डिंपल कुमारी, वरिष्ठ अधिवक्ता उमेश जोशी, PLV टीम, राष्ट्रीय मानव अधिकार चैरिटेबल ट्रस्ट की अध्यक्ष बलजिंदर कौर सहित विद्यालय स्टाफ मौजूद रहा। कार्यक्रम की रिपोर्ट तहसील काशीपुर की PLV हेमा कुमारी ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को प्रेषित की।