काशीपुर कोर्ट परिसर के बाहर मारपीट, महिला ने पति समेत 10 लोगों के खिलाफ दी तहरीर

तलाक के मुकदमे की सुनवाई के बाद विवाद बढ़ने का आरोप, दो लोगों के घायल होने की बात; जान से मारने की धमकी का भी लगाया आरोप

काशीपुर। परिवार न्यायालय काशीपुर में तलाक के मुकदमे की सुनवाई के बाद कोर्ट परिसर के बाहर मारपीट का मामला सामने आया है। मामले में एक महिला ने अपने पति समेत करीब 8 से 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ आईटीआई कोतवाली में शिकायत देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

शिकायतकर्ता मीना कुमारी ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह 19 सितंबर 2026 को परिवार न्यायालय काशीपुर में अपने पति दीपक कुमार के खिलाफ चल रहे तलाक के मुकदमे में पेशी के लिए अपने भाई अतुल के साथ पहुंची थी। महिला का आरोप है कि सुनवाई के बाद जब वह और उसका भाई कोर्ट से बाहर निकले तो उसके पति दीपक कुमार, उसके भाई अंकित व अश्वनी तथा 8-10 अज्ञात लोग वहां मौजूद थे।

शिकायत के मुताबिक आरोपितों ने पहले गाली-गलौज करते हुए धमकी दी और इसके बाद महिला तथा उसके भाई अतुल के साथ कथित रूप से मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि बीच-बचाव करने पहुंचे निशांत पांडे के साथ भी मारपीट की गई। शिकायत में अश्वनी पर निशांत पांडे के सिर पर डंडे से वार करने का आरोप लगाया गया है, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आने की बात कही गई है।

महिला ने बताया कि घटना के दौरान कोर्ट परिसर में मौजूद लोगों और पुलिसकर्मियों के पहुंचने पर आरोपी मौके से रुक गए। शिकायत के अनुसार मारपीट में अतुल और निशांत पांडे घायल हुए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपितों की ओर से उसे और उसके भाई को जान से मारने तथा कार्रवाई करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई है। महिला ने वर्तमान में भी स्वयं और अपने भाई की जान को खतरा बताते हुए आईटीआई कोतवाली पुलिस से आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच और कार्रवाई का इंतजार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Secret Link