रुद्रपुर : ऊधम सिंह नगर पुलिस ने एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर संदिग्ध शस्त्र लाइसेंसों के विरुद्ध जिलेभर में विशेष सत्यापन अभियान चलाया। अभियान के तहत विशेष पुलिस टीमों का गठन कर शस्त्र लाइसेंस धारकों का गहन सत्यापन किया गया।
पुलिस जांच में 108 संदिग्ध शस्त्र लाइसेंस चिन्हित किए गए। इनमें से 94 शस्त्र लाइसेंस पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिए, जबकि 119 हथियार संबंधित लाइसेंस धारकों से जमा कराए गए।
एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि अभियान का उद्देश्य शस्त्र लाइसेंसों के दुरुपयोग पर रोक लगाना तथा कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाना है। सत्यापन के दौरान जिन लाइसेंसों में अनियमितताएं या संदिग्ध गतिविधियां सामने आईं, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी इस तरह के विशेष अभियान जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वाले शस्त्र लाइसेंस धारकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अभियान के बाद जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में इसे एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
