विवादों में घिरे सांसद प्रतिनिधि विजय कुमार बॉबी पर गिरी गाज, नैनीताल सांसद अजय भट्ट ने किया पदमुक्त

काशीपुर। नैनीताल-ऊधमसिंहनगर लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अजय भट्ट ने काशीपुर विकासखंड के लिए नियुक्त अपने प्रतिनिधि विजय कुमार बॉबी को तत्काल प्रभाव से पद से हटा दिया है। इस संबंध में जिलाधिकारी ऊधमसिंहनगर को संबोधित एक पत्र जारी किया गया है।

पत्र में सांसद अजय भट्ट ने बताया कि विजय कुमार बॉबी को कार्यकर्ताओं के अनुरोध पर उनकी अनुपस्थिति में विकासखंड से संबंधित त्रैमासिक बैठकों में प्रतिनिधित्व करने के लिए सांसद प्रतिनिधि (विकासखंड काशीपुर) नामित किया गया था। पत्र के अनुसार विजय कुमार बॉबी काशीपुर की ब्लॉक प्रमुख के पति भी हैं।
सांसद ने पत्र में उल्लेख किया है कि उन्हें जानकारी मिली है कि विजय कुमार किसी गैर-कानूनी मामले में वांछित हैं, जो जनप्रतिनिधि के पद की गरिमा और दायित्वों के प्रतिकूल है। इसी को आधार बनाते हुए उन्हें सांसद प्रतिनिधि के पद से तत्काल प्रभाव से पदमुक्त कर दिया गया है।
सांसद ने जिलाधिकारी से अनुरोध किया है कि इस आदेश के अनुरूप आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इस फैसले के बाद काशीपुर की राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। सांसद द्वारा अपने ही प्रतिनिधि के खिलाफ उठाया गया यह कदम क्षेत्र की राजनीति में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि प्रशासन इस आदेश पर आगे क्या कार्रवाई करता है और विजय कुमार की ओर से इस मामले में क्या प्रतिक्रिया सामने आती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *