
काशीपुर। काशीपुर के ईदगाह रोड स्थित एक प्लॉटिंग क्षेत्र में पानी से भरे गहरे गड्ढे में डूबने से दो मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चे नहाने के लिए प्लॉटिंग क्षेत्र में पहुंचे, जहां बारिश का पानी लंबे समय से भरा हुआ था। इसी दौरान दोनों गहरे पानी में चले गए और डूब गए। काफी देर तक बच्चों का पता नहीं चलने पर परिजनों और स्थानीय लोगों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान दोनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि प्लॉटिंग क्षेत्रों में बारिश का पानी भरने और गहरे गड्ढों को खुला छोड़ देने के कारण पहले भी हादसों की आशंका जताई जाती रही है, लेकिन जिम्मेदारों ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। वहां के लोगों का कहना है कि जहां बच्चे डूबे हैं वहां एक प्लॉट में मिट्टी का भारन हुआ है उस प्लांट वाले ने बराबर वाले क्षेत्र से मिट्टी उठाकर अपने प्लॉट में डाली है जिससे वहां पर गहरा गड्ढा हो गया है जिससे नहाते समय दोनों बच्चों की मौत हो गई|