लक्ष्मण जी को मूर्क्षित देख राम जी का विलाप करुणामय प्रेम को करता उजागर- कथा व्यास शीतल दीदी।

काशीपुर – उज्जैनी शक्ति पीठ मां बाल सुंदरी देवी परिसर में चल रही नौ दिवसीय भव्य राम कथा के विश्राम दिवस पर कथा व्यास शीतल दीदी ने नल नील की देख रेख में वानरों द्वारा समुद्र तट पर पुल बनाने, लंका पर चढ़ाई करने,लंका दहन ,मेघनाथ, कुंभकरण सहित रावण वध की कथा का श्रवण अपनी संगीतमय मधुर वाणी द्वारा श्रोताओं को कराया। कथा का उल्लेख करते हुए पूज्य व्यास जी ने बताया कि भगवान राम और लक्ष्मण वानरों की विशाल सेना के साथ लंका तट पर स्थित सुवेल पर्वत पर जाते हैं। रामजी कितने दयालु हैं कि वह एक बार पुनः शांति का प्रस्ताव अंगद के द्वारा रावण की सभा में पहुंचाते हैं, परंतु रावण उसे ठुकरा देता है। तत्पश्चात लंका में भीषण युद्ध छिड़ जाता है। वहीं कथा व्यास ने लक्ष्मण और मेघनाथ के बीच हुए युद्ध तथा लक्ष्मण शक्ति की कथा का मार्मिक ढंग से वर्णन करते हुए कहा कि जब लंका के संग्राम में मेघनाथ पराजित होने लगा , तो उसने अपनी मायावी शक्ति वाण से लक्ष्मण जी को मूर्क्षित कर दिया। तब हनुमान जी उन्हें अचेत अवस्था उठाकर प्रभु श्री राम के समीप ले आते हैं। लक्ष्मण को मूर्क्षित देख राम जी दुखी होकर कहते हैं , कि मैंने अपना सबसे प्रिय भाई खो दिया है,अब मैं माता सुमित्रा को क्या जबाब दूंगा, राम जी का भाई के प्रति यह विलाप निश्चित रूप से उनके करुणामय प्रेम को उजागर करता है। हनुमान जी द्वारा सुषेण वैद्य द्वारा बताई गई संजीवनी बूटी से भैया लक्ष्मण जी के प्राण बच जाते हैं । तब लक्ष्मण जी कहते हैं कि ह्रदय घाव मेरे,पीर रघुवीरे। घाव भले ही मेरे ह्रदय में लगा हो परंतु उसकी असली पीड़ा मेरे भाई श्रीराम को हो रही है। गोस्वामी तुलसीदास जी कहते हैं कि यह पंक्तियां राम और लक्ष्मण के अगाध और निस्वार्थ प्रेम को प्रकट करती हैं। वहीं कथा व्यास जी ने मेघनाथ, कुंभकरण और लंकापति रावण के वध की कथा सुनाते हुए मां सीता को सकुशल अयोध्या लाने और श्रीराम के राज्याभिषेक की कथा के साथ नौ दिवसीय राम कथा का विश्राम किया। कथा विश्राम से पूर्व कथा व्यास जी की संगीतमय मधुर वाणी के सुंदर सुंदर भजनों पर श्रोता जमकर झूमें। आरती के बाद प्रसाद वितरण किया गया।

उधर पंडा विकास अग्निहोत्री ने बताया कल मंगलवार को विशाल भंडारे का आयोजन किया गया है। उन्होंने अधिक संख्या में भंडारे का प्रसाद ग्रहण करने का लोगों से आह्वान किया।इस अवसर पर मुख्य यजमान आनंद कुमार प्रधान मुख्य पंडा विकास अग्निहोत्री खंड शिक्षा अधिकारी डी के साहू कांग्रेसी नेता संदीप सहगल चंदावती डिग्री कालेज प्रधानाचार्या दीपिका गुड़िया आत्रेय यजमान देवेन्द्र यादव पार्षद अनिल कुमार कौशलेश गुप्ता कवींद्र डसीला नीरज कांडपाल अयोध्या हनुमान गढ़ी से लक्ष्मी दास महामंडलेश्वर गणेशानंद दास विकास गुप्ता बलराम तोमर अशोक शर्मा लज्जावती तोमर सोनिया तोमर मंजू गुप्ता नीतू पाल समेत सैकड़ों श्रोतागण मौजूद रहे।