—-:::::::::छोटे संगठन के जिलाध्यक्ष ने पोस्टर के जरिए विधानसभा चुनाव की तैयारी का दिया संदेश, वरिष्ठ नेताओं की भूमिका और संगठन के अनुशासन पर उठे सवाल। 25 साल की हार के बाद भी कांग्रेस सबक लेने को तैयार नहीं?::::—
काशीपुर। विधानसभा चुनाव 2027 में अभी समय बाकी है, लेकिन काशीपुर कांग्रेस में विधायक बनने की होड़ अभी से शुरू होती दिखाई दे रही है। कांग्रेस के छात्र संगठन NSUI के जिला अध्यक्ष नवदीप सिंह के शहर में लगे पोस्टर और फ्लेक्स बोर्ड इन दिनों राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बने हुए हैं। पोस्टरों पर बड़े-बड़े अक्षरों में ‘मिशन 2027’ और ‘विधानसभा 63 काशीपुर’ लिखा गया है। साथ ही नवदीप सिंह की बड़ी तस्वीर और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की तस्वीरें भी लगाई गई हैं।
पोस्टर देखकर राजनीतिक गलियारों में सवाल उठने लगे हैं कि क्या NSUI के जिला अध्यक्ष ने अभी से विधानसभा चुनाव में अपनी दावेदारी पेश करने की तैयारी शुरू कर दी है? क्या कांग्रेस में अब संगठन के पद और राजनीतिक वरिष्ठता से ज्यादा व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है? सबसे बड़ा सवाल यह है कि काशीपुर में कांग्रेस पिछले करीब 25 वर्षों से लगातार चुनावी हार का सामना कर रही है। इसके बावजूद पार्टी के भीतर एकजुटता और अनुशासन की कमी पर गंभीरता से मंथन होता दिखाई नहीं देता। पार्टी में कई वरिष्ठ और अनुभवी नेता मौजूद हैं, लेकिन चुनाव से पहले ही छोटे-बड़े पदाधिकारी अपने आपको संभावित विधायक प्रत्याशी के रूप में प्रचारित करने में जुट जाते हैं। युवा नेताओं का आगे आना पार्टी के लिए अच्छी बात है, लेकिन क्या राजनीति में आगे बढ़ने का मतलब वरिष्ठ नेताओं को पीछे छोड़ना और खुद को प्रत्याशी के रूप में पेश करना ही रह गया है? संगठन में वरिष्ठता, अनुभव और सामूहिक नेतृत्व का आखिर कितना महत्व बचा है? हकीकत यह है कि जब तक कांग्रेस पार्टी में अनुशासन, आपसी समन्वय और वरिष्ठ नेताओं के सम्मान की भावना नहीं आएगी, तब तक काशीपुर विधानसभा सीट जीतना कांग्रेस के लिए बेहद मुश्किल रहेगा। केवल पोस्टर, बैनर और ‘मिशन 2027’ लिख देने से चुनाव नहीं जीते जाते। इसके लिए बूथ स्तर पर मजबूत संगठन, एकजुट कार्यकर्ता और पार्टी के फैसले को स्वीकार करने की राजनीतिक इच्छाशक्ति भी जरूरी है। अब सवाल कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व से है कि क्या वह समय रहते संगठन में अनुशासन स्थापित करेगा या फिर 2027 के चुनाव में भी व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाएं पार्टी की सामूहिक संभावनाओं पर भारी पड़ेंगी? क्योंकि अगर हर नेता खुद को विधायक का चेहरा समझकर प्रचार में जुटा रहेगा, तो पार्टी की एकजुटता कैसे बनेगी और जीत की राह कैसे निकलेगी? काशीपुर कांग्रेस के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती किसी दूसरे दल से मुकाबला करने की नहीं, बल्कि पहले अपने घर को एकजुट करने की है।