चंद्रावती तिवारी महाविद्यालय में फ्रेशर पार्टी एवं दीपावली महोत्सव की धूम, खुशी रावत बनीं मिस फ्रेशर

काशीपुर। चंद्रावती तिवारी कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, काशीपुर में नवप्रवेशित छात्राओं के स्वागत के लिए फ्रेशर पार्टी एवं दीपावली महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्य डॉ. दीपिका आत्रेय ने दीप प्रज्वलित कर किया।


कार्यक्रम में छात्राओं ने गीत, संगीत, नृत्य एवं अन्य रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। नवागंतुक छात्राओं ने उत्साहपूर्वक रैंप वॉक में हिस्सा लिया, जिसमें बीए प्रथम सेमेस्टर की खुशी रावत को मिस फ्रेशर चुना गया। वहीं दीपावली महोत्सव के तहत प्राध्यापकों ने दीप प्रज्वलित किए और छात्राओं ने आतिशबाजी कर पर्व की खुशियां मनाईं। पूरा महाविद्यालय परिसर दीपावली के उल्लास और उमंग से सराबोर नजर आया। इस दौरान शासन के निर्देश पर गत माह आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को भी सम्मानित किया गया। इनमें विकसित भारत 2047, हर घर तिरंगा अभियान, अखिल भारतीय शिक्षा समागम 2026, सूचना का अधिकार अधिनियम के 21 वर्ष तथा मेहंदी प्रतियोगिता शामिल रहीं। विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रभारी प्राचार्य ने पुरस्कार प्रदान किए। अपने संबोधन में डॉ. दीपिका आत्रेय ने कहा कि दीपावली प्रकाश, प्रेम, सद्भावना और सकारात्मकता का पर्व है। यह पर्व अज्ञानता एवं नकारात्मकता को दूर कर ज्ञान, स्वच्छता और सामाजिक एकता का संदेश देता है। उन्होंने नवप्रवेशित छात्राओं को महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का संचालन छात्रसंघ अध्यक्ष काजल कश्यप ने किया। इस अवसर पर एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. वंदना सिंह, डॉ. रमा अरोरा, डॉ. दीपा चनियाल, डॉ. गीता मेहरा, डॉ. अंजलि गोस्वामी, डॉ. रंजना, डॉ. ज्योति रावत, शीतल अरोरा, डॉ. ज्योति गोयल, प्राची धौलाखंडी, विजेंद्र चौधरी, बीएड विभागाध्यक्ष डॉ. नवनीत कुमार सिंह, डॉ. शालिनी सिंह, शिप्रा छाबरा, डॉ. सोमेश शर्मा, सुषमा शर्मा, डॉ. अविनाश मिश्रा, डॉ. महेश कुमार, मनोज कुमार एवं सृष्टि सिंह सहित महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Secret Link