काशीपुर। विधानसभा चुनाव 2027 की आहट के साथ ही काशीपुर की सियासत में हलचल तेज होने लगी है। कांग्रेस में विधायक पद के संभावित दावेदारों को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। इस बीच पूर्व महानगर कांग्रेस अध्यक्ष संदीप सहगल का नाम तेजी से उभरकर सामने आ रहा है। स्थानीय राजनीतिक चर्चाओं और समर्थकों के बीच उन्हें कांग्रेस के सबसे मजबूत संभावित चेहरों में गिना जाने लगा है।
संदीप सहगल लंबे समय से क्षेत्र की राजनीति में सक्रिय रहे हैं। संगठनात्मक गतिविधियों से लेकर जनहित के मुद्दों तक उनकी लगातार मौजूदगी ने उन्हें अलग पहचान दिलाई है। समर्थकों का मानना है कि काशीपुर में कांग्रेस को यदि भाजपा के सामने मजबूत चुनौती पेश करनी है तो पार्टी को ऐसे चेहरे पर दांव लगाना होगा, जिसकी क्षेत्र में राजनीतिक पकड़ हो और जनता के बीच सीधा जुड़ाव हो। इस लिहाज से संदीप सहगल की दावेदारी को नजरअंदाज करना आसान नहीं होगा। वहीं, मौजूदा विधायक के सामने कांग्रेस किस रणनीति के साथ चुनावी मैदान में उतरेगी, यह भी बेहद महत्वपूर्ण होगा। कांग्रेस के लिए 2027 का चुनाव केवल प्रत्याशी चयन नहीं, बल्कि काशीपुर की राजनीतिक तस्वीर बदलने की बड़ी चुनौती भी होगा। सियासी समीकरणों के बीच संदीप सहगल का बढ़ता समर्थन उनकी दावेदारी को नई धार देता दिखाई दे रहा है। अब निगाहें कांग्रेस हाईकमान पर टिकी हैं कि क्या पार्टी संदीप सहगल पर भरोसा जताकर उन्हें काशीपुर की चुनावी जंग का चेहरा बनाएगी? फिलहाल काशीपुर में 2027 की चुनावी बिसात बिछनी शुरू हो चुकी है और संदीप सहगल का नाम कांग्रेस की टिकट की दौड़ में मजबूती से चर्चा में है।