उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027: जनवरी के आखिरी सप्ताह में लग सकती है आचार संहिता, मार्च के पहले सप्ताह में मतदान की तैयारी!

बोर्ड परीक्षाओं के चलते चुनाव कार्यक्रम में हो सकता है बदलाव, 5 से 10 मार्च के बीच पहले चरण के मतदान की प्रबल संभावना

देहरादून। उत्तराखंड में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। चुनाव आयोग और प्रशासनिक तैयारियों के बीच चुनावी कार्यक्रम को लेकर एक संभावित खाका सामने आ रहा है। माना जा रहा है कि प्रदेश में विधानसभा चुनाव की आचार संहिता जनवरी के अंतिम सप्ताह यानी 27 से 30 जनवरी के बीच लागू हो सकती है। वहीं, फरवरी के बजाय मार्च के पहले सप्ताह में मतदान कराए जाने की संभावना जताई जा रही है।

सूत्रों के मुताबिक, 5 से 10 मार्च 2027 के बीच मतदान कराए जाने का संभावित कार्यक्रम तैयार किया जा रहा है। हालांकि, चुनाव की तारीखों को लेकर अभी निर्वाचन आयोग की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। ऐसे में अंतिम कार्यक्रम आयोग की घोषणा के बाद ही स्पष्ट होगा।

बोर्ड परीक्षाएं बनीं चुनावी तारीखों में बदलाव की बड़ी वजह

चुनाव कार्यक्रम को मार्च तक ले जाने के पीछे सबसे बड़ी वजह बोर्ड परीक्षाओं को माना जा रहा है। उत्तराखंड में केंद्रीय बोर्ड की प्रमुख परीक्षाएं 15 फरवरी से 10 मार्च के बीच आयोजित होने की संभावना है। ऐसे में चुनाव और परीक्षाओं को एक साथ संचालित करना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन सकता है।

दरअसल, विधानसभा चुनाव संपन्न कराने में सरकारी स्कूलों के भवनों और शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। मतदान केंद्रों की व्यवस्था से लेकर चुनावी ड्यूटी तक बड़ी संख्या में सरकारी शिक्षकों और कर्मचारियों की तैनाती की जाती है। वहीं, स्कूलों में बोर्ड परीक्षाओं के आयोजन के लिए भी इन्हीं संसाधनों और व्यवस्थाओं की जरूरत होती है।

परीक्षा और चुनाव के बीच संतुलन बनाने की चुनौती

यदि फरवरी में चुनाव कराए जाते हैं तो बोर्ड परीक्षाओं की व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका रहेगी। इसी वजह से चुनावी कार्यक्रम को इस तरह तैयार करने की कवायद मानी जा रही है, जिससे परीक्षाओं और मतदान दोनों की व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित हो सकें।

संभावित रणनीति के तहत जनवरी के अंतिम सप्ताह में आचार संहिता लागू करने और मार्च के पहले सप्ताह में मतदान कराने पर विचार किया जा सकता है। इससे प्रशासन को चुनावी तैयारियों के लिए पर्याप्त समय भी मिलेगा और बोर्ड परीक्षाओं के अंतिम चरण के आसपास मतदान कराने का रास्ता भी साफ हो सकता है।

अब चुनाव आयोग की घोषणा पर टिकी निगाहें

फिलहाल उत्तराखंड में चुनावी माहौल बनने लगा है और राजनीतिक दल अपनी तैयारियों में जुटने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। यदि यह संभावित चुनावी कैलेंडर लागू होता है तो जनवरी के अंतिम सप्ताह से प्रदेश में चुनावी गतिविधियां और तेज हो जाएंगी। हालांकि, आचार संहिता लागू होने की तारीख और मतदान का अंतिम कार्यक्रम निर्वाचन आयोग की आधिकारिक घोषणा के बाद ही तय माना जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Secret Link