काशीपुर। उत्तराखंड कांग्रेस की प्रदेश सचिव एवं जसपुर विधानसभा प्रभारी डॉ. दीपिका गुड़िया आत्रेय ने 26 नवंबर संविधान दिवस के अवसर पर देहरादून में आयोजित होने वाले ‘संविधान बचाओ, लोकतंत्र बचाओ’ विशाल पैदल मार्च को सफल बनाने के लिए काशीपुर और जसपुर क्षेत्र की जनता एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की।
डॉ. दीपिका गुड़िया आत्रेय ने कहा कि भारतीय संविधान देश के लोकतंत्र की मजबूत नींव है। संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार देता है। इसकी रक्षा करना प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने बताया कि 26 नवंबर को देहरादून स्थित कांग्रेस भवन से राजभवन तक विशाल पैदल मार्च निकाला जाएगा। इसके माध्यम से संविधान की मूल भावना, लोकतांत्रिक अधिकारों और सामाजिक न्याय के प्रति प्रतिबद्धता जाहिर की जाएगी।
उन्होंने काशीपुर और जसपुर के कांग्रेस पदाधिकारियों, वरिष्ठ नेताओं, युवा कार्यकर्ताओं एवं महिला कार्यकर्ताओं से इस मार्च में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संविधान और लोकतंत्र की मजबूती के लिए सभी को एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद करनी होगी।