रिश्ते में भांजा, निकला घर का चोर; पुलिस ने चोरी का माल बरामद कर भेजा जेल
काशीपुर। कोतवाली आईटीआई पुलिस ने घरेलू चोरी की वारदात का सफल खुलासा करते हुए पीड़ित के रिश्ते के भांजे को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की नगदी और जेवरात बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया। बरखेड़ा पांडे निवासी गजेन्द्र सिंह ने 7 जुलाई को कोतवाली आईटीआई में तहरीर देकर बताया था कि वह 1 जुलाई को परिवार सहित एक रिश्तेदारी में आयोजित वैवाहिक समारोह में शामिल होने गया था। देर रात घर लौटने के बाद सब सामान्य प्रतीत हुआ, लेकिन 6 जुलाई को अलमारी खोलने पर उसमें रखे करीब 25 हजार रुपये नकद तथा सोने की चूड़ियां, झुमकियां, चैन, लॉकेट और हार गायब मिले। अलमारी की चाबी अपने स्थान पर रखी होने से उन्होंने अपने रिश्ते के भांजे रमन पर संदेह जताया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस टीम ने सुरागरसी और मुखबिर की सूचना के आधार पर 8 जुलाई को ग्राम अहरपुरा स्थित हिमालयन फूड पार्क के पास से आरोपी रमन निवासी ग्राम बहादरपुर, जिला रामपुर (हाल निवासी बरखेड़ा पांडे) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए दो सोने के कंगन, एक झुमकी, हार के चार पाननुमा पत्ते, एक सोने की चैन मय लॉकेट तथा 20 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक जसविन्दर सिंह एवं कांस्टेबल सुरेन्द्र कम्बोज शामिल रहे।