चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले में गुरुवार देर शाम विष्णुगाड–पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना की निर्माणाधीन टनल में अचानक भारी मात्रा में मलबा और पानी घुसने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे के दौरान टनल में काम कर रहे करीब 18 मजदूर अंदर फंस गए। हादसे में कई मजदूरों के घायल होने की सूचना है।
जानकारी के अनुसार, घटना शाम करीब 6:10 बजे हुई। निर्माणाधीन टनल में अचानक मलबा और पानी आने से वहां काम कर रहे मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई। मलबा और पानी इतनी तेजी से अंदर आया कि कई मजदूर टनल में ही फंस गए।
घटना की सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंच गए और फंसे मजदूरों को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया। अब तक दो मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालकर जिला अस्पताल गोपेश्वर पहुंचाया गया है। वहीं, अन्य मजदूरों को बाहर निकालने के लिए बचाव अभियान जारी है।
प्रशासन और राहत-बचाव टीमें मौके पर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। टनल के भीतर फंसे मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालना प्राथमिकता है।