काशीपुर। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच राजनीतिक गतिविधियां लगातार तेज होती जा रही हैं। इसी क्रम में काशीपुर विधानसभा क्षेत्र से एडवोकेट संदीप सहगल ने अपने जनसंपर्क अभियान की शुरुआत ग्राम पैगा से की। अभियान के दौरान उन्होंने ग्रामीणों से घर-घर जाकर मुलाकात की, उनका हालचाल जाना और क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को गंभीरता से सुना।
जनसंपर्क के दौरान ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, बिजली, जल निकासी, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और रोजगार जैसे मुद्दे उनके सामने रखे। संदीप सहगल ने लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि जनता की समस्याओं को समझना और उनके समाधान के लिए लगातार प्रयास करना ही उनकी राजनीति का उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि बनने से पहले भी जनता के बीच रहना और उनके सुख-दुख में सहभागी बनना उनकी प्राथमिकता रही है और आगे भी रहेगी। इस दौरान कई स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत किया और क्षेत्र के विकास से जुड़े सुझाव भी दिए। सहगल ने कहा कि वह लगातार गांव-गांव जाकर लोगों से संवाद करेंगे, ताकि उनकी वास्तविक समस्याओं को समझकर संबंधित स्तर पर प्रभावी ढंग से उठाया जा सके। विधानसभा चुनाव लड़ने की संभावनाओं पर पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए संदीप सहगल ने कहा, “जनता के बीच रहना मेरी राजनीति का उद्देश्य है। चुनाव लड़ने का फैसला पार्टी नेतृत्व करेगा। मैं पार्टी का एक अनुशासित कार्यकर्ता हूं और पार्टी जो भी जिम्मेदारी देगी, उसका पूरी निष्ठा से निर्वहन करूंगा।” ग्राम पैगा से शुरू हुआ यह जनसंपर्क अभियान आने वाले दिनों में काशीपुर विधानसभा क्षेत्र के अन्य गांवों और वार्डों तक भी पहुंचेगा। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि चुनाव से पहले इस तरह के जनसंपर्क अभियान स्थानीय राजनीति में नई हलचल पैदा कर सकते हैं और मतदाताओं से सीधा संवाद स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।