
सितारगंज। राष्ट्रीय मत्स्य पालक दिवस के अवसर पर शुक्रवार को ऊधमसिंहनगर के सितारगंज स्थित उप मंडी परिसर शक्तिफार्म में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा एवं राज्य मंत्री सीमा चौहान ने दीप प्रज्वलित कर किया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि मत्स्य पालन राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और किसानों की आय बढ़ाने का प्रभावी माध्यम बन चुका है। सरकार आधुनिक तकनीक और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के जरिए मत्स्य पालकों को हर संभव सहायता उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि मत्स्य पालन केवल पारंपरिक व्यवसाय नहीं, बल्कि रोजगार सृजन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने का महत्वपूर्ण क्षेत्र है।
मंत्री ने बताया कि सितारगंज में इंटीग्रेटेड फिश एक्वा पार्क, मछली मंडी, चार प्रोसेसिंग यूनिट और कोल्ड स्टोरेज जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं, जिससे मत्स्य कारोबार को नई गति मिलेगी। कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले मत्स्य पालकों को सम्मानित किया गया तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को चेक वितरित किए गए।
कार्यक्रम में उत्तम दत्ता, राज्य मंत्री सीमा चौहान, प्रमोद रावत, नवीन रावत, गुरु चंद्रवाल, उदय सुरिभ, मंडल अध्यक्ष गोपाल मंडल, भाजपा उपमुख्य व्हिप सुरेश सिंह बल, मत्स्य निदेशक चंद्र सिंह धर्मशक्तु, मंत्री प्रतिनिधि अभिमन्यु कवलवाल, मंडल अध्यक्ष संजीव कुमार सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और मत्स्य पालक मौजूद रहे।