जसपुर में बैडमिंटन खेलने से रोका तो भड़का नाबालिग, चाकू से हमला कर 12 वर्षीय बालक की जान ली, देखिए वीडियो और पढ़िए पूरी खबर

जसपुर | जसपुर के लकड़ी मंडी क्षेत्र में बच्चों के बीच खेल को लेकर हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी वारदात में बदल गया। बैडमिंटन खेलने से मना किए जाने से नाराज करीब 10 वर्षीय नाबालिग पर 12 वर्षीय बालक पर चाकू से हमला करने का आरोप है। चाकू का वार बालक के सीने के पास लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल बालक को आनन-फानन में इलाज के लिए काशीपुर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने के चलते डॉक्टर उसे बचा नहीं सके। चिकित्सकों ने बालक को मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना की सूचना मिलते ही जसपुर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक घटना बच्चों के बीच खेल को लेकर हुए विवाद के बाद हुई।

बताया जा रहा है कि चाकू से हमला करने का आरोप जिस बच्चे पर है, उसकी उम्र करीब 10 वर्ष है। आरोपी भी नाबालिग बताया जा रहा है और घटना के बाद मौके पर नहीं मिला। पुलिस उसके परिजनों से पूछताछ करने के साथ ही पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है।

इस दर्दनाक घटना की सूचना मिलने पर जसपुर विधायक आदेश चौहान भी पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। उन्होंने मृतक बालक के परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Secret Link