रामनगर–देहरादून एक्सप्रेस का 18 जुलाई को शुभारंभ, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव दिखाएंगे हरी झंडी

रामनगर। उत्तराखंड के रेल यात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण सौगात मिलने जा रही है। लंबे समय से प्रतीक्षित रामनगर–देहरादून एक्सप्रेस का शुभारंभ 18 जुलाई 2026 (शनिवार) सुबह 11:00 बजे रामनगर रेलवे स्टेशन से किया जाएगा। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। पूर्वोत्तर रेलवे द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में कई प्रमुख जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम में सांसद अनिल बलूनी, सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह तथा रामनगर विधायक दीवान सिंह बिष्ट की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। कार्यक्रम का आयोजन पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल द्वारा किया जा रहा है। रामनगर–देहरादून एक्सप्रेस के शुरू होने से कुमाऊँ और गढ़वाल मंडल के बीच रेल संपर्क पहले से अधिक सुगम होगा। अब यात्रियों को सड़क मार्ग की तुलना में एक सुविधाजनक और सुरक्षित रेल विकल्प मिलेगा। विशेष रूप से पर्यटन, शिक्षा, व्यापार और सरकारी कार्यों से यात्रा करने वाले लोगों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस नई रेल सेवा से दोनों क्षेत्रों के बीच आवागमन को बढ़ावा मिलेगा, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था और पर्यटन उद्योग को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है। रामनगर, जो कॉर्बेट टाइगर रिजर्व का प्रमुख प्रवेश द्वार है, वहां आने वाले पर्यटकों को भी देहरादून तक बेहतर रेल सुविधा उपलब्ध होगी। रेलवे प्रशासन ने कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों तथा आम नागरिकों को आमंत्रित किया है। स्थानीय लोगों का मानना है कि यह रेल सेवा उत्तराखंड के विकास और बेहतर परिवहन व्यवस्था की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी तथा राज्य के विभिन्न क्षेत्रों के बीच संपर्क को और अधिक मजबूत बनाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *