
काशीपुर | काशीपुर स्थित चंद्रावती तिवारी कन्या महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला के अवसर पर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान छात्राओं, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया और अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का संदेश दिया।

महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. दीपिका आत्रेय ने सभी को हरेला पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हरेला उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत और प्रकृति के प्रति आस्था का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह पर्व हमें पर्यावरण संरक्षण, हरियाली बढ़ाने और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण बनाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने सभी से पौधारोपण के साथ-साथ लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का भी आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. वंदना सिंह ने छात्राओं को पर्यावरण संरक्षण के महत्व से अवगत कराया और प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर डॉ. गीता मेहरा (एसोसिएट प्रोफेसर), डॉ. रमा अरोरा, कु. सृष्टि सिंह, बी.एड. विभाग के समस्त शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।