काशीपुर। आजादी की 80वीं वर्षगांठ के अवसर पर डीपीएस पब्लिक स्कूल काशीपुर में स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. संतोष कुमार चौबे ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर किया। इसके बाद उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने राष्ट्रगान के माध्यम से देश के प्रति सम्मान एवं समर्पण की भावना व्यक्त की।

समारोह के दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों ने मार्च पास्ट एवं पी.टी. का शानदार प्रदर्शन किया। इसके साथ ही देशभक्ति गीत, समूह नृत्य, भाषण सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। विद्यार्थियों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया और उपस्थित अतिथियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों की खूब सराहना बटोरी। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग एवं बलिदान को याद करते हुए देश की एकता, अखंडता एवं प्रगति के लिए अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करने का संदेश दिया। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. संतोष कुमार चौबे ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व से अवगत कराते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सत्यनिष्ठा एवं ईमानदारी के मार्ग पर चलते हुए वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में युवा पीढ़ी की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की छात्राओं वैष्णवी एवं सत्याक्षी ने किया। समारोह के अंत में सुश्री आरती चौधरी ने सभी का आभार व्यक्त किया। संपूर्ण कार्यक्रम गरिमापूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक बृजेश रावल, धर्मराज बिष्ट, अमित नेगी, उमेश चंद्र शर्मा, साक्षीजीत कौर, एस.पी. मौर्य, समता भटनागर सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।