काशीपुर। आजादी की 80वीं वर्षगांठ के अवसर पर डीएवी स्कूल काशीपुर में स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. संतोष कुमार चौबे ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराकर किया। इसके पश्चात उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने राष्ट्रगान के माध्यम से राष्ट्र के प्रति सम्मान और समर्पण की भावना व्यक्त की।
समारोह में विद्यालय के विद्यार्थियों ने मार्च पास्ट एवं पीटी का शानदार प्रदर्शन किया। इसके साथ ही देशभक्ति गीत, समूह नृत्य और भाषण सहित विभिन्न रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। विद्यार्थियों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने समारोह में मौजूद अतिथियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों का मन मोह लिया और पूरा वातावरण देशभक्ति से ओत-प्रोत हो गया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग एवं बलिदान को याद करते हुए देश की एकता, अखंडता एवं प्रगति के लिए अपने कर्तव्यों का पालन करने का संदेश दिया। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. संतोष कुमार चौबे ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता के महत्व को समझने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि सत्यनिष्ठा और ईमानदारी के साथ कार्य करते हुए देश को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र के रूप में स्थापित करने में युवा पीढ़ी की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने विद्यार्थियों से देश के विकास में अपना योगदान देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की छात्राओं वैष्णवी एवं सस्याक्षी ने किया। समारोह के अंत में सुश्री आरती चौधरी ने सभी का आभार व्यक्त किया। संपूर्ण कार्यक्रम गरिमापूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

इस अवसर पर डीएवी स्कूल के शिक्षक बिर्जेश रावल, धर्मराज बिष्ट, अमित नेगी, उमेश चन्द्र शर्मा, सानिध्यजीत कौर, एस.पी. मौर्य, समता भटनागर सहित समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।