हाईवे पर स्टंटबाजी पड़ी महंगी, थार-स्कॉर्पियो चालकों पर काशीपुर पुलिस का शिकंजा

काशीपुर। जसपुर-काशीपुर हाईवे पर थार और स्कॉर्पियो वाहनों का काफिला बनाकर यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले वाहन चालकों पर काशीपुर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो का संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर के निर्देश पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी संबंधित वाहनों और उनके चालकों की पहचान कर उन्हें कोतवाली तलब किया।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान सभी संबंधित वाहनों को कब्जे में लिया और वाहन चालकों से भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही न करने का लिखित माफीनामा लिया। इसके बाद सभी के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई। साथ ही स्पष्ट चेतावनी दी गई कि भविष्य में स्टंटबाजी, रेसिंग, ओवरस्पीडिंग या यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
काशीपुर पुलिस ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि सड़कें रोमांच या शक्ति प्रदर्शन का मंच नहीं हैं। कुछ पलों की लापरवाही न केवल आपकी, बल्कि अन्य निर्दोष लोगों की जान भी खतरे में डाल सकती है। इसलिए वाहन हमेशा निर्धारित गति सीमा में चलाएं, स्टंट और ओवरस्पीडिंग से बचें तथा यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित एवं जिम्मेदार नागरिक होने का परिचय दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *