क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है? कन्या इंटर कॉलेज की टूटी बाउंड्री और अंधेरी सड़क बनी खतरा

काशीपुर एक्सप्रेस, काशीपुर। काशीपुर स्थित राजकीय कन्या इंटर कॉलेज की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़़े हो रहे हैं। कॉलेज की उत्तर दिशा में सड़क किनारे बनी बाउंड्री वॉल लंबे समय से टूटी हुई है, जबकि पूरे मार्ग पर पर्याप्त स्ट्रीट लाइट न होने से शाम ढलते ही अंधेरा छा जाता है। ऐसे में छात्राओं, शिक्षकों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि टूटी बाउंड्री के कारण कोई भी असामाजिक तत्व या आवारा पशु आसानी से कॉलेज परिसर में प्रवेश कर सकता है। वहीं, रात के समय सड़क पर अंधेरा रहने से छात्राओं और महिलाओं को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है। यह स्थिति किसी भी समय किसी बड़ी अप्रिय घटना को जन्म दे सकती है। हैरानी की बात यह है कि यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन संबंधित विभाग और प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। सुरक्षा जैसे संवेदनशील मुद्दे पर लापरवाही लोगों के बीच नाराजगी का कारण बन रही है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि कॉलेज की टूटी बाउंड्री वॉल का शीघ्र पुनर्निर्माण कराया जाए और पूरे मार्ग पर पर्याप्त स्ट्रीट लाइट लगाई जाए, ताकि छात्राओं और आम नागरिकों को सुरक्षित वातावरण मिल सके। फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है, क्या प्रशासन किसी बड़़े हादसे के बाद ही जागेगा, या फिर समय रहते इस गंभीर समस्या का समाधान किया जाएगा?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *