
काशीपुर। शहर के मोहल्ला पक्काकोट में देसी और अंग्रेजी शराब की दुकानों के सामने स्थित खाली प्लॉट इन दिनों नशेड़ियों का अड्डा बनता जा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सुबह से लेकर देर रात तक यहां नशे के आदी लोगों की भीड़ लगी रहती है, जिससे आसपास रहने वाले परिवारों, महिलाओं और बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि शराब खरीदने के बाद कई लोग इसी खाली प्लॉट में बैठकर शराब और अन्य नशीले पदार्थों का सेवन करते हैं। इसके बाद गाली-गलौज, शोर-शराबा और आपत्तिजनक हरकतें आम हो गई हैं। इससे क्षेत्र का माहौल लगातार खराब हो रहा है और लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।
राहगीरों, विशेषकर महिलाओं और छात्राओं को इस मार्ग से गुजरने में असहजता महसूस होती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार पुलिस और प्रशासन से शिकायत की गई, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन और पुलिस से मांग की है कि खाली प्लॉट में नशेड़ियों की जमावड़े पर तत्काल रोक लगाई जाए, नियमित पुलिस गश्त बढ़ाई जाए और संबंधित स्थान की निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि मोहल्ले का माहौल सुरक्षित और शांतिपूर्ण बन सके।