दो मासूमों की मौत के बाद जागा प्रशासन, जलभराव वाले खाली प्लॉटों पर चलेगा अभियान

काशीपुर। शहर में हाल ही में जलभराव वाले खाली प्लॉट में दो मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत के बाद जिला प्रशासन और नगर निगम हरकत में आ गए हैं। जिलाधिकारी ऊधमसिंहनगर के निर्देश पर नगर निगम काशीपुर में नगर आयुक्त रविन्द्र सिंह बिष्ट, उपजिलाधिकारी अभय प्रताप सिंह, तहसीलदार पंकज चन्दोला और जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी उमाशंकर नेगी की मौजूदगी में समीक्षा बैठक आयोजित की गई| बैठक में निर्णय लिया गया कि नगर निगम क्षेत्र के सभी जलभराव संभावित खाली प्लॉटों और भूखंडों का प्राथमिकता के आधार पर सर्वे कराया जाएगा। जिन भूखंडों में जल निकासी संभव नहीं होगी, उनके स्वामियों को अपने खर्च पर फेंसिंग कराने और चेतावनी बोर्ड लगाने के लिए नोटिस जारी किए जाएंगे। एक सप्ताह के भीतर ऐसे सभी स्थलों की सूची तैयार कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम ने बताया कि अब तक 15 खाली प्लॉटों के मालिकों को नोटिस जारी किए जा चुके हैं, जबकि शेष चिन्हित स्थलों पर भी कार्रवाई जारी है। अधिकारियों की संयुक्त टीम ने जयपुरखुर्द और पक्काकोट समेत जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर जल निकासी व्यवस्था, नालों की सफाई और संवेदनशील स्थानों की निगरानी के निर्देश दिए।

प्रशासन ने आमजन से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि आसपास किसी भी खाली प्लॉट में जलभराव होने पर तत्काल नगर निगम या जिला आपदा कंट्रोल रूम को सूचना दें। साथ ही अभिभावकों से आग्रह किया गया है कि वे बच्चों को जलभराव वाले स्थानों के पास अकेले न जाने दें। प्रशासन का कहना है कि भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए मानसून के दौरान विशेष निगरानी अभियान चलाया जाएगा तथा जलभराव वाले सभी संवेदनशील स्थलों पर आवश्यक सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *