श्रावण कांवड़ मेले को लेकर यातायात पुलिस अलर्ट, काशीपुर के प्रमुख चौराहों पर SPO की तैनाती

काशीपुर। श्रावण मास के पावन कांवड़ मेले को देखते हुए काशीपुर में यातायात व्यवस्था को सुचारु एवं सुरक्षित बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। कांवड़ यात्रियों एवं श्रद्धालुओं की बढ़ती आवाजाही को ध्यान में रखते हुए यातायात पुलिस काशीपुर द्वारा विशेष ड्यूटी चार्ट जारी कर शहर के प्रमुख चौराहों एवं संवेदनशील स्थानों पर SPO (स्पेशल पुलिस ऑफिसर) की तैनाती की गई है।
यातायात व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए सुबह 10 बजे से रात 8 बजे तक चीमा चौराहा, चैती चौराहा, टांडा चौराहा, एमपी चौक, कुंडेश्वरी तिराहा, सेठी पेट्रोल पंप एवं महेशपुरा की पुलिया समेत विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों पर पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।
कांवड़ मेले के दौरान श्रद्धालुओं एवं कांवड़ यात्रियों की संख्या बढ़ने के कारण शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना है। इसे देखते हुए यातायात पुलिस द्वारा प्रमुख मार्गों एवं चौराहों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। यातायात को सुचारु बनाए रखने के साथ ही जाम की स्थिति उत्पन्न न हो और कांवड़ यात्रियों एवं आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। यातायात पुलिस द्वारा कांवड़ यात्रियों की सुविधा, आमजन की सुरक्षा और शहर में निर्बाध यातायात व्यवस्था को प्राथमिकता दी जा रही है। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को यातायात संचालन एवं आवश्यकतानुसार तत्काल कार्रवाई के संबंध में दिशा-निर्देश दिए गए हैं। यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित मार्गों का ही प्रयोग करें, अनावश्यक रूप से सड़क किनारे वाहन खड़े न करें तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों का सहयोग करें। कांवड़ यात्रा के दौरान सभी नागरिक संयम एवं सहयोग का परिचय देते हुए यातायात व्यवस्था बनाए रखने में अपना योगदान दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Secret Link