काशीपुर। आईटीआई थाना क्षेत्र में एक युवक ने वार्ड पार्षद सतीश कुमार पर मारपीट करने, गाली-गलौज करने तथा लाइसेंसी पिस्तौल दिखाकर जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले को लेकर पीड़ित ने आईटीआई कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने और सुरक्षा की मांग की है।
तहरीर के अनुसार, काशीपुर निवासी कपिल कुमार गौतम का आरोप है कि 30 अगस्त को वर्तमान पार्षद सतीश कुमार ने उसके साथ कथित तौर पर मारपीट और गाली-गलौज की। आरोप है कि मारपीट के दौरान पार्षद ने अपनी लाइसेंसी पिस्तौल के बल पर उसे डराया और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
पीड़ित का कहना है कि घटना के बाद उसने जनहित और सामाजिक जागरूकता के उद्देश्य से घटना से संबंधित एक वीडियो अपनी फेसबुक आईडी पर पोस्ट किया। आरोप है कि वीडियो पोस्ट किए जाने की जानकारी मिलते ही पार्षद द्वारा उसे पोस्ट हटाने के लिए कथित रूप से दबाव बनाया गया और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने, डराने तथा धमकाने का प्रयास किया गया।
तहरीर में पीड़ित ने कहा है कि पिस्तौल से धमकी दिए जाने के कारण उसे और उसके परिवार को अपनी सुरक्षा को लेकर गंभीर भय बना हुआ है। उसने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई, लाइसेंसी पिस्तौल को जब्त करने तथा शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति जिला मजिस्ट्रेट को भेजने की मांग की है।
पीड़ित ने अपने और अपने परिवार के लिए उचित पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराने की भी मांग की है। पुलिस से मामले में निष्पक्ष जांच और आवश्यक कार्रवाई की उम्मीद जताई गई है।