काशीपुर के वार्ड नंबर-6 की घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल, प्रशासन से कार्रवाई की मांग
काशीपुर। नगर क्षेत्र के वार्ड नंबर-6, हेमपुर इस्माइल उत्तरी में सड़क की बदहाली को लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करना एक युवक को भारी पड़ने का मामला सामने आया है। घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर मामले को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
वार्ड नंबर 6 के एक जागरूक युवक ने अपने क्षेत्र की टूटी और बदहाल सड़क की तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा कर शासन-प्रशासन का ध्यान जनसमस्या की ओर आकर्षित करने का प्रयास किया था। आरोप है कि इस पोस्ट से नाराज होकर सत्ता पक्ष से जुड़े स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं भाजपा मंडल मंत्री ने युवक को ढूंढकर उसके साथ सार्वजनिक रूप से मारपीट, गाली-गलौज और पिस्तौल दिखाकर धमकाने का प्रयास किया।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कथित तौर पर युवक का मोबाइल फोन छीनने और उसकी आवाज को दबाने का प्रयास भी दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद घटना को लेकर लोगों में आक्रोश है और प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठ रही है।
जनसमस्याओं को सोशल मीडिया के माध्यम से उठाना नागरिकों के लोकतांत्रिक अधिकारों का हिस्सा है। ऐसे में सड़क जैसी मूलभूत सुविधा से जुड़ी शिकायत सामने रखने पर यदि किसी व्यक्ति के साथ कथित तौर पर दबाव, धमकी या मारपीट की जाती है तो यह गंभीर चिंता का विषय है।
फिलहाल वायरल वीडियो और लगाए गए आरोपों की सत्यता की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर वीडियो की सत्यता, घटना में शामिल लोगों और हथियार के इस्तेमाल समेत सभी पहलुओं की जांच की जाए तथा दोष सिद्ध होने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए।