काशीपुर। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की आगामी 8 अगस्त को हल्द्वानी में प्रस्तावित महारैली को सफल बनाने के लिए कांग्रेस संगठन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में 30 जुलाई (बृहस्पतिवार) को दोपहर 12 बजे काशीपुर के गोविंशान हेरिटेज (पुरानी गोराया पेपर मिल, बाजपुर रोड, द्रोणा सागर से आगे, एक महत्वपूर्ण तैयारी बैठक आयोजित की जाएगी।
बैठक में उत्तराखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे और महारैली की तैयारियों की समीक्षा करेंगे। इस दौरान कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) के सदस्य, पूर्व राष्ट्रीय सचिव एवं पश्चिम बंगाल कांग्रेस के प्रभारी प्रकाश जोशी भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में दोनों वरिष्ठ नेताओं का अभिनंदन भी किया जाएगा।
महानगर जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष अलका पाल ने सभी कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, ब्लॉक अध्यक्षों, पार्षदों, अनुषांगिक संगठनों के पदाधिकारियों, जिला पंचायत के वर्तमान एवं पूर्व सदस्यों, पूर्व एवं वर्तमान ग्राम प्रधानों के साथ-साथ पत्रकार बंधुओं से कार्यक्रम में समय पर पहुंचकर सहभागिता करने की अपील की है।
कांग्रेस का कहना है कि यह बैठक 8 अगस्त को हल्द्वानी में होने वाली महारैली की रणनीति तय करने और संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी। बैठक के माध्यम से कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी और अधिक से अधिक संख्या में महारैली में भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया जाएगा।