काशीपुर। 63 विधानसभा काशीपुर क्षेत्र में मतदाता सूची में बड़ी संख्या में दर्ज आपत्तियों को लेकर निष्पक्ष जांच की मांग उठाई गई है। सोमवार को निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, 63-काशीपुर विधानसभा की गैरमौजूदगी में बीआरओ को ज्ञापन सौंपकर आपत्तियों की सत्यता और उनके आधार की विस्तृत जांच कराने की मांग की गई।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि विधानसभा क्षेत्र के भाग संख्या 77, मौहल्ला गंज चूना गली वार्ड नंबर 19, भाग संख्या 54 मौहल्ला विजय नगर नई बस्ती वार्ड नंबर 39, भाग संख्या 51 मौहल्ला पक्काकोट वार्ड नंबर 18 तथा भाग संख्या 46 मौहल्ला विजय नगर नई बस्ती वार्ड नंबर 36 के अंतर्गत आने वाले कई मतदान केंद्रों पर करीब 40 मतदाताओं के नामों पर आपत्तियां दर्ज कराई गई हैं। ज्ञापन में दावा किया गया कि इनमें बड़ी संख्या में अल्पसंख्यक समुदाय से संबंधित मतदाता शामिल हैं। ज्ञापन के अनुसार, ये आपत्तियां दुर्गा राय, सिंह, दीवान सिंह एवं अभय नाम से दर्ज कराई गई हैं। साथ ही यह भी कहा गया कि कुछ व्यक्तियों द्वारा अत्यधिक संख्या में आपत्तियां दर्ज कराए जाने से पूरी प्रक्रिया की पारदर्शिता और निष्पक्षता को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। ज्ञापन सौंपने वालों ने मांग की कि मामले की जांच के लिए सक्षम समिति गठित की जाए और प्रत्येक आपत्ति के आधार, सत्यता तथा प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच कराई जाए। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने तक किसी भी पात्र मतदाता का नाम केवल संदिग्ध आपत्ति के आधार पर मतदाता सूची से हटाया न जाए। उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता अथवा प्रक्रिया के दुरुपयोग की पुष्टि होती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ निर्वाचन कानूनों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही निर्वाचन आयोग एवं प्रशासन से मामले का तत्काल संज्ञान लेकर पारदर्शी एवं निष्पक्ष निर्वाचन प्रक्रिया सुनिश्चित करने की मांग की गई। इस दौरान अजीज कुरैशी, वर्ड नंबर 32 तुफैल बाग के पार्षद मौ. खालिद, शाकिर हुसैन, साबिर हुसैन, हाजी मौ. नफीस, मौ. असलम, मुशाहिद हुसैन, याकूब, हाजी अब्दुल रहमान, मौ. शमीम, जावेद, मौ. यूसुफ, अनीस अहमद एडवोकेट, रईस अहमद, मौ. हाशिम, मौ. शाहरुख, तनवीर आलम, मौ. दानिश आदि मौजूद रहे।