खेत में मिली स्विफ्ट कार, अंदर मिला युवक का शव; गले पर संदिग्ध चोटों से हत्या की आशंका

काशीपुर। कोतवाली काशीपुर क्षेत्र में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब प्रतापपुर चौकी क्षेत्र में एक स्विफ्ट कार खेत के नीचे गिरी हुई मिली। कार के अंदर एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ। प्रथम दृष्टया मामला सड़क हादसे का प्रतीत हुआ, लेकिन शव की जांच के दौरान गले पर संदिग्ध चोटें मिलने से पुलिस ने हत्या की आशंका जताई है।

जानकारी के अनुसार, सुबह करीब सात बजे 112 के माध्यम से चौकी प्रतापपुर पुलिस को सूचना मिली कि एक स्विफ्ट कार खेत के नीचे गिरी हुई है और उसमें एक व्यक्ति बैठा है, जिसकी संभवतः मौत हो चुकी है। सूचना मिलते ही एसआई संजय सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कार और उसमें मौजूद व्यक्ति को खेत से बाहर निकाला।

स्थानीय लोगों ने मृतक की पहचान संजीव कुमार, पुत्र सोहन सिंह, निवासी बाजावाला, ढकिया नंबर-1, कुंडेश्वरी के रूप में की। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया और पंचनामा की कार्रवाई शुरू की।

पंचनामा के दौरान शव का बारीकी से निरीक्षण करने पर पुलिस को कुछ ऐसी चोटें दिखाई दीं, जो प्रथम दृष्टया सामान्य सड़क दुर्घटना से हुई प्रतीत नहीं हो रही थीं। विशेष रूप से मृतक के गले पर चोट के निशान संदिग्ध पाए गए। इसके बाद एसआई संजय सिंह ने वरिष्ठ अधिकारियों को मामले की जानकारी दी।

सूचना पर एसएसआई ने मोर्चरी पहुंचकर शव का बारीकी से निरीक्षण किया और सीओ काशीपुर को भी पूरे मामले से अवगत कराया। पुलिस को आशंका है कि मामला हादसा नहीं, बल्कि हत्या से जुड़ा हो सकता है।

पुलिस द्वारा शव का पैनल से पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। साथ ही फील्ड यूनिट और एसओजी टीम को भी सूचना दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर मामले की विस्तृत जांच की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Secret Link