
काशीपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत कोतवाली काशीपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जानलेवा हमले के मामले में लंबे समय से वांछित चल रहे आरोपी राहुल पुत्र मटरू लाल निवासी फिरोजपुर, थाना काशीपुर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, अभियुक्त के खिलाफ एफआईआर संख्या 239/2026 में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज था। आरोपी की तलाश लगातार की जा रही थी। सर्विलांस और मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने उसे दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को नियमानुसार न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। किसी भी आपराधिक गतिविधि में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में उपनिरीक्षक कौशल भाकुनी, कांस्टेबल किरन मेहता और कांस्टेबल धीरज शामिल रहे।
पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि आसपास किसी संदिग्ध व्यक्ति या आपराधिक गतिविधि की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।