काशीपुर। वरिष्ठ नागरिक कल्याण समिति की मासिक आम सभा रामनगर रोड स्थित एक होटल में समिति के अध्यक्ष हरीश कुमार सिंह की अध्यक्षता एवं सचिव चंद्र भूषण डोभाल के संचालन में आयोजित की गई। बैठक में वरिष्ठ नागरिकों के हितों, उनके अधिकारों और सामाजिक सहभागिता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

सभा के दौरान उत्तराखंड महिला आयोग की सदस्य नियुक्त होने पर समाजसेवी एवं क्षेत्र की सक्रिय राजनीतिक हस्ती श्रीमती मुक्ता सिंह तथा रोटरी क्लब के पूर्व मंडल अध्यक्ष एवं प्रसिद्ध उद्योगपति पवन अग्रवाल को समिति की ओर से पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर समिति के संरक्षक एवं प्रमुख उद्योगपति योगेश जिंदल ने दोनों सम्मानित अतिथियों का स्वागत करते हुए उनके सामाजिक योगदान, जनसेवा और समाज के प्रति समर्पण की सराहना की। उन्होंने दोनों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि वे आगे भी समाज हित में इसी प्रकार कार्य करते रहेंगे।
बैठक में वरिष्ठ अधिवक्ता एवं समाजसेवी उमेश जोशी एडवोकेट, विजय चौधरी और ने अपने विचार रखते हुए कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने सरकार से वरिष्ठ नागरिकों को स्वास्थ्य, परिवहन, सुरक्षा और सामाजिक कल्याण से जुड़ी योजनाओं में अधिक सुविधाएं और प्राथमिकता देने की मांग की।
सभा में इंदर सिंह, सुरेश जोशी, श्रीमती इन्दु मान, जितेंद्र काला, हरि प्रकाश शर्मा, ठाकुर प्रमोद तोमर, सुरेंद्र बाटला, जसवीर सिंह, शिशिर, पूर्व मेयर श्रीमती उषा चौधरी, अजय चौहाल सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। बैठक का समापन वरिष्ठ नागरिकों के हितों की रक्षा और समाज में उनकी गरिमा एवं सम्मान बनाए रखने के संकल्प के साथ हुआ।