काशीपुर। भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष एवं भाजपा नेता आकाश सिंह काम्बोज को उत्तराखंड सरकार द्वारा नगर निगम में नामित पार्षद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनकी नियुक्ति की खबर मिलते ही भाजपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों में खुशी की लहर देखने को मिली। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद आकाश सिंह काम्बोज ने प्रदेश सरकार और भाजपा संगठन का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पिछले करीब 15 वर्षों से संगठन की सेवा करते हुए उन्होंने छात्र राजनीति में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, विश्व हिंदू परिषद-बजरंग दल और भारतीय जनता युवा मोर्चा में विभिन्न दायित्वों का पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से निर्वहन किया है। उन्होंने कहा कि संगठन और सरकार ने उन्हें जो नई जिम्मेदारी सौंपी है, उसका वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे। साथ ही नगर निगम क्षेत्र के जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए जनता की आवाज को मजबूती से उठाने का प्रयास करेंगे। नवनियुक्त नामित पार्षद आकाश सिंह काम्बोज ने अपनी नियुक्ति के लिए प्रदेश के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए विशेष रूप से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, काशीपुर महापौर दीपक बाली, काशीपुर विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, भाजपा काशीपुर जिलाध्यक्ष मनोज पाल, भाजयुमो जिलाध्यक्ष प्रशांत पंडित सहित सभी वरिष्ठ नेताओं एवं संगठन के पदाधिकारियों का धन्यवाद किया। उनकी नियुक्ति पर भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।