काशीपुर। उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भले ही अभी समय बाकी हो, लेकिन भारतीय जनता पार्टी के भीतर टिकट की सियासत ने अभी से जोर पकड़ना शुरू कर दिया है। खास बात यह है कि इस बार भाजपा प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया में नई व्यवस्था अपनाने जा रही है। पार्टी के इस फैसले से काशीपुर विधानसभा सीट पर भी राजनीतिक समीकरण बदल सकते हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या मौजूदा विधायक त्रिलोक सिंह चीमा एक बार फिर टिकट की दौड़ में अपनी मजबूत दावेदारी साबित कर पाएंगे या पार्टी के भीतर उठ रहे नए चेहरों और दावेदारों की चुनौती उनके लिए मुश्किलें खड़ी करेगी?
दरअसल, भाजपा इस बार विधानसभा चुनाव के लिए टिकट वितरण में संगठन के पदाधिकारियों और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की राय को अहमियत देने की तैयारी में है। इसके तहत प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में टिकट के दावेदारों के बीच मतदान कराया जाएगा। कोर कमेटी के सदस्य संबंधित विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचकर जिला, मंडल और बूथ स्तर के पदाधिकारियों तथा वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से राय लेंगे। इसके बाद दावेदारों का पैनल तैयार किया जाएगा। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से तीन नामों का पैनल बनाकर आगे भेजा जाएगा। इसके बाद कोर कमेटी और प्रदेश नेतृत्व की प्रक्रिया से गुजरते हुए अंतिम नाम राष्ट्रीय नेतृत्व तक पहुंचेगा। यानी इस बार केवल राजनीतिक रसूख, बड़े नेताओं से नजदीकी या टिकट के लिए लगातार पैरवी करना ही पर्याप्त नहीं होगा। संगठन के भीतर स्वीकार्यता और कार्यकर्ताओं का समर्थन भी महत्वपूर्ण हो सकता है।
त्रिलोक चीमा के सामने होगी सबसे बड़ी चुनौती?
काशीपुर विधानसभा सीट पर मौजूदा विधायक त्रिलोक सिंह चीमा के लिए यह चयन प्रक्रिया कई मायनों में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। लगातार दूसरी बार टिकट की उम्मीद रखने वाले विधायक को अब केवल अपनी मौजूदा विधायकी के आधार पर नहीं, बल्कि संगठन और कार्यकर्ताओं के बीच अपनी पकड़ भी साबित करनी पड़ सकती है।
पार्टी के भीतर यदि दूसरे दावेदार सक्रिय होते हैं और उन्हें कार्यकर्ताओं का समर्थन मिलता है तो टिकट की लड़ाई दिलचस्प हो सकती है। ऐसे में विधायक के सामने सबसे बड़ा सवाल यही रहेगा कि क्या वह संगठन के भीतर पहले जैसा भरोसा बनाए रख पाए हैं? क्या कार्यकर्ता उनके नाम पर दोबारा अपनी सहमति जताएंगे? और क्या पार्टी उन्हें एक बार फिर चुनावी मैदान में उतारने के पक्ष में होगी?
सिर्फ विधायक होना टिकट की गारंटी नहीं!
भाजपा की प्रस्तावित चयन प्रक्रिया ने काशीपुर में टिकट की उम्मीद लगाए बैठे नेताओं के लिए भी रास्ता खोल दिया है। अब दावेदारी करने वालों को अपनी राजनीतिक ताकत के साथ-साथ कार्यकर्ताओं के बीच स्वीकार्यता साबित करनी होगी। वहीं मौजूदा विधायक के लिए भी यह किसी अग्निपरीक्षा से कम नहीं होगी।
फिलहाल काशीपुर की राजनीति में सबसे बड़ा सवाल यही है कि 2027 में भाजपा का चेहरा त्रिलोक सिंह चीमा ही होंगे या पार्टी किसी नए चेहरे पर दांव लगाएगी? क्या मौजूदा विधायक कार्यकर्ताओं का भरोसा जीतकर अपनी दावेदारी मजबूत करेंगे या संगठन के भीतर किसी दूसरे दावेदार का पलड़ा भारी पड़ेगा?
अब देखना होगा कि काशीपुर में टिकट की इस सियासी परीक्षा में कौन पास होता है और किसकी राजनीतिक दावेदारी केवल चर्चाओं तक सीमित रह जाती है।