काशीपुर। केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट वेलफेयर सोसाइटी (रजि.), काशीपुर की त्रिवर्षीय कार्यकारिणी के गठन के लिए चुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। मुख्य चुनाव अधिकारी द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार चार पदाधिकारियों और सात कार्यकारिणी सदस्यों के चुनाव के लिए संपूर्ण प्रक्रिया श्री रामलीला ग्राउंड, काशीपुर में संपन्न कराई जाएगी। सोसाइटी में कुल 409 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
चुनाव में भाग लेने वाले प्रत्याशियों के लिए पात्रता भी निर्धारित की गई है। पदाधिकारी पद के उम्मीदवार के नाम अथवा उसकी फर्म के नाम पर कम से कम 10 वर्ष पुराना एवं वैध (नवीनीकृत) ड्रग लाइसेंस होना अनिवार्य होगा। वहीं कार्यकारिणी सदस्य पद के लिए पांच वर्ष पुराना एवं वैध ड्रग लाइसेंस आवश्यक रहेगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नामांकन पत्रों की बिक्री 18 जुलाई 2026 को सुबह 9 बजे से 11 बजे तक होगी। 19 जुलाई को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक नामांकन दाखिल किए जाएंगे। उसी दिन दोपहर 1:30 बजे से 3:30 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच होगी तथा शाम 5 बजे अस्थायी प्रत्याशी सूची जारी की जाएगी। 20 जुलाई को शाम 3 बजे से 5 बजे तक नाम वापसी की प्रक्रिया चलेगी और शाम 6 बजे अंतिम प्रत्याशी सूची प्रकाशित की जाएगी। मतदान 26 जुलाई 2026 को सुबह 9 बजे से शाम 3 बजे तक होगा, जबकि उसी दिन शाम 4 बजे से मतगणना शुरू होकर परिणाम घोषित किए जाएंगे। मतदान प्रक्रिया को सुचारु बनाने के लिए 409 मतदाताओं को तीन मतदान कक्षों में विभाजित किया गया है। मतदाता सूची के क्रमांक 1 से 144 तक पहले कक्ष, 145 से 288 तक दूसरे कक्ष तथा 289 से 409 तक तीसरे कक्ष में मतदान करेंगे। मतदान के समय प्रत्येक मतदाता को अपना आधार कार्ड साथ लाना अनिवार्य होगा।
मुख्य चुनाव अधिकारी ने सभी सदस्यों से निर्धारित तिथि एवं समय पर मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने तथा शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया में सहयोग करने की अपील की है।