रुद्रपुर गैंगरेप कांड में पुलिस का बड़ा एक्शन: मुठभेड़ के बाद तीन आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी के पैर में लगी गोली

रुद्रपुर। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के “अपराध मुक्त देवभूमि” के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए ऊधम सिंह नगर पुलिस ने गैंगरेप मामले में बड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति के निर्देशन में फरार आरोपियों की तलाश के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें मुख्य आरोपी गुरबाज उर्फ मानु पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हो गया। गोली उसके पैर में लगी, जिसके बाद उसे तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।


पुलिस के अनुसार, रुद्रपुर क्षेत्र में दर्ज गैंगरेप प्रकरण के तीन फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम चौकी बगवाड़ा क्षेत्र में अभियान चला रही थी। इसी दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में गुरबाज उर्फ मानु घायल हो गया, जबकि उसके दो अन्य साथियों को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।


गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है और बरामद हथियारों की भी जांच की जा रही है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति स्वयं जिला अस्पताल पहुंचे और घायल आरोपी से गहन पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को मामले की निष्पक्ष और त्वरित विवेचना के साथ आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
ऊधम सिंह नगर पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के साथ किसी भी प्रकार की रियायत नहीं बरती जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Secret Link