काशीपुर। विधानसभा चुनाव 2027 में अभी वक्त है, लेकिन NSUI जिला अध्यक्ष लवदीप सिंह की राजनीतिक सक्रियता देखकर लगता है कि उन्होंने चुनावी बिगुल अभी से बजा दिया है। पहले ‘मिशन 2027’ का पोस्टर और अब चांदपुर से प्रतापपुर तक गांव-गांव जनसंपर्क अभियान का वीडियो! आखिर यह कांग्रेस को मजबूत करने की मुहिम है या खुद को काशीपुर विधानसभा का चेहरा बनाने की कवायद?
सवाल इसलिए भी बड़ा है, क्योंकि काशीपुर में कांग्रेस पिछले करीब 25 वर्षों से सत्ता की राह तलाश रही है। पार्टी को मजबूत करने के बजाय यदि पदाधिकारी अभी से अपनी-अपनी दावेदारी चमकाने में जुट जाएंगे, तो संगठन का क्या होगा?
लवदीप सिंह की सक्रियता पर सवाल उठना लाजिमी है। क्या पार्टी ने उन्हें 2027 के लिए कोई जिम्मेदारी या संकेत दिया है? क्या वरिष्ठ नेताओं की सहमति से यह अभियान चल रहा है, या फिर यह व्यक्तिगत राजनीतिक महत्वाकांक्षा का प्रदर्शन है?
सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या काशीपुर कांग्रेस में अब संगठन से ऊपर व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाएं हो गई हैं?
जिस पार्टी को चुनाव जीतने के लिए एकजुटता, अनुशासन और मजबूत नेतृत्व की जरूरत है, वहां चुनाव से पहले ही दावेदारी की होड़ शुरू होना कांग्रेस के लिए शुभ संकेत नहीं है।
लवदीप सिंह को जनसंपर्क का पूरा अधिकार है, लेकिन सवाल यह है कि क्या यह जनसंपर्क पार्टी के लिए है या खुद को विधायक प्रत्याशी के रूप में स्थापित करने के लिए?
काशीपुर कांग्रेस को पहले अपना घर संभालना होगा, वरना 2027 में चुनावी मुकाबले से पहले ही अंदरूनी दावेदारी पार्टी की मुश्किलें बढ़ा सकती है।