नानकसागर डैम पार बिसोटा में नवीन पुलिस चौकी शुरू, नशा तस्करों में मचा हड़कंप

नानकमत्ता। अपराध और नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई को और मजबूत करते हुए ऊधमसिंहनगर पुलिस ने नानकसागर डैम पार स्थित दुर्गम एवं सीमावर्ती क्षेत्र बिसोटा में नवीन पुलिस चौकी शुरू की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने विधि-विधान एवं पूजा-अर्चना के साथ नवीन चौकी का शुभारंभ किया।

डैम पार के दुर्गम इलाके में जब एसएसपी अजय गणपति की गाड़ी पहुंची तो स्थानीय ग्रामीणों के चेहरों पर सुरक्षा का भरोसा साफ नजर आया। वहीं, क्षेत्र में अचानक बढ़ी पुलिस की मजबूत मौजूदगी से नशा तस्करों और अपराधियों में भी हड़कंप मच गया है। नानकसागर डैम के उस पार का क्षेत्र भौगोलिक रूप से अलग-थलग होने के कारण लंबे समय से पुलिस के लिए चुनौतीपूर्ण माना जाता रहा है।

नवीन चौकी की स्थापना के बाद यहां पुलिस की स्थायी मौजूदगी रहेगी और क्षेत्र में लगातार गश्त, चेकिंग तथा संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाई जाएगी। इससे अपराधियों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के साथ नशे की सप्लाई चेन को तोड़ने में भी मदद मिलेगी। पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में नानकमत्ता क्षेत्र में नशे और अपराध के खिलाफ कई बड़ी कार्रवाई की गई हैं। NDPS एक्ट के तहत 30 मुकदमे दर्ज कर 42 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया तथा 592.62 ग्राम स्मैक बरामद की गई। वहीं अवैध शराब के मामलों में 42 आरोपियों को गिरफ्तार कर 1,218 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई। इसके अलावा अवैध हथियारों के मामलों में भी 14 आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है। नवीन चौकी के शुरू होने से सीमावर्ती मार्गों पर पुलिस का पहरा और मजबूत होगा। पुलिस द्वारा 24 घंटे निगरानी, नियमित गश्त और प्रभावी चेकिंग के जरिए अपराधियों तथा नशा तस्करों पर शिकंजा कसने की तैयारी है। SSP अजय गणपति ने कहा कि अपराध और नशे के खिलाफ पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति जारी रहेगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि क्षेत्र में नशे के कारोबार या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। दुर्गम क्षेत्र में कानून का पहरा बढ़ने से ग्रामीणों में सुरक्षा का भरोसा और अपराधियों में कार्रवाई का खौफ—बिसोटा में नई पुलिस चौकी की यही सबसे बड़ी तस्वीर सामने आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Secret Link