ऊधम सिंह नगर पुलिस की साइबर अपराधियों पर बड़ी कार्रवाई, आईटीआई कोतवाली में साइबर धोखाधड़ी के तीन मुकदमे दर्ज

काशीपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर के निर्देशन में जिलेभर में साइबर अपराधियों और साइबर धोखाधड़ी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोतवाली आईटीआई पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए साइबर धोखाधड़ी से जुड़े तीन अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए हैं। पुलिस के अनुसार, जांच में ऐसे बैंक खातों का पता चला जिनका इस्तेमाल कथित रूप से साइबर ठगी की रकम मंगाने और निकालने के लिए किया जा रहा था।
पहले मामले में FIR संख्या 210/26 के तहत ग्राम कनकपुर निवासी अभिषेक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। जांच में सामने आया कि उसके बैंक खाते में साइबर धोखाधड़ी से संबंधित ₹97,546 की राशि आई थी, जिसे बाद में निकाल लिया गया। पुलिस का कहना है कि आरोपी कथित रूप से कमीशन के बदले अपने खाते का इस्तेमाल कराता था।
दूसरे मामले में FIR संख्या 213/26 के तहत आकाश सिंह, निवासी डांडीखेड़ा, के खिलाफ कार्रवाई की गई। NCRP पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के अनुसार, उसके खाते से जुड़े मामलों में देश के विभिन्न राज्यों से कुल 8 शिकायतें दर्ज मिलीं।
तीसरे मामले में FIR संख्या 214/26 के तहत काव्यांश शर्मा, निवासी रुद्रपुर, के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। जांच में उसके खाते से संबंधित 4 राज्यों से 4 शिकायतें सामने आईं। पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले से एक अन्य आपराधिक मामले में जिला कारागार मुरादाबाद में निरुद्ध है।
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर अपना बैंक खाता उपलब्ध न कराएं और न ही कमीशन के लालच में किसी अन्य व्यक्ति की धनराशि अपने खाते में मंगवाएं। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 हेल्पलाइन पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *