काशीपुर। गुरुवार शाम चैती परिसर स्थित मोटेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना के दौरान 37 वर्षीय हिमांशु वर्मा की अचानक तबीयत बिगड़ने और मौत का वीडियो सामने आया है। वीडियो में हिमांशु मंदिर में पूजा-अर्चना करते हुए दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान वह अचानक चक्कर खाकर नीचे गिर पड़े।
वीडियो में दिखाई दे रहा है कि युवक के गिरने के बाद वहां मौजूद लोगों ने उन्हें उठाया और पानी पिलाया। पानी पीने के कुछ ही देर बाद हिमांशु दोबारा नीचे गिर पड़े। इसके बाद उनकी मौत हो गई।
घटना के वीडियो में युवक के अचानक गिरने का दृश्य देखकर उस समय मौजूद लोगों को लगा कि उन्हें सामान्य चक्कर आया है। किसी को अंदाजा नहीं था कि स्थिति इतनी गंभीर हो सकती है। प्रारंभिक तौर पर परिजनों द्वारा इसे हार्ट अटैक से जोड़कर देखा जा रहा है।
घटना के बाद सामने आए वीडियो ने एक गंभीर सवाल खड़ा किया है कि यदि अचानक किसी व्यक्ति की तबीयत बिगड़ने पर मौजूद लोग हार्ट अटैक के संभावित लक्षणों को पहचान पाते और तत्काल चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध हो जाती, तो क्या स्थिति अलग हो सकती थी।
हालांकि, यह निश्चित रूप से कहना संभव नहीं है कि समय पर उपचार मिलने से युवक की जान बच जाती। ऐसे मामलों में तत्काल चिकित्सकीय सहायता लेना बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। घटना के वीडियो ने मंदिर में मौजूद लोगों के साथ-साथ क्षेत्रवासियों को भी स्तब्ध कर दिया है।